चंडीगढ़ , जुलाई 09 -- पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा ने गुरुवार को किसान भवन में बैठक कर डेयरी और पशुपालन क्षेत्र में अंतरराज्यीय सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक का उद्देश्य दोनों राज्यों के किसानों को आधुनिक तकनीक और बेहतर योजनाओं का लाभ पहुंचाना था।

श्री खुड्डियां ने जम्मू-कश्मीर के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सहकारी संघवाद की भावना के तहत राज्यों के बीच बेहतर तालमेल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में श्रेष्ठ अनुभवों का आदान-प्रदान देश के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पंजाब देश के अग्रणी दुग्ध उत्पादक राज्यों में शामिल है। बैठक में दूध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं की बेहतर नस्ल विकसित करने, पशु चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने तथा डेयरी क्षेत्र के विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा ने दूरदराज के क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी, सब्सिडी और पशु चिकित्सा सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग का सुझाव दिया। उन्होंने पंजाब सरकार के अनुभवों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि पशुपालन क्षेत्र में दोनों राज्यों के बीच संरचित सहयोग से किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। बैठक में दोनों मंत्रियों ने पशुधन और डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए संयुक्त पहल करने तथा भविष्य में सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित