चंडीगढ़ , मार्च 30 -- पंजाब और चंडीगढ़ में पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हुई बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। अबोहर में सबसे कम अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

विभाग के अनुसार 30 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 31 मार्च को भी मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

राज्य के 23 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि 11 जिलों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। अन्य जिलों में आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है, लेकिन वहां ओले गिरने की आशंका कम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित