चंडीगढ़ , मार्च 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के चार साल पूरे होने पर मंगलवार को कहा कि तथाकथित "पंजाब मॉडल" अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है और सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में विकास एवं निवेश का झूठा भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रही है।
श्री चुघ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा घोषित 'फिल्म सिटी' का विचार उनके व्यक्तिगत झुकाव को दर्शाता है, जबकि पंजाब को एक गंभीर और परिणामोन्मुखी शासन मॉडल की आवश्यकता है। इसके विपरीत, यहाँ केवल खोखले वादों, भ्रामक दावों और महंगे विज्ञापनों पर आधारित मॉडल पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि आप सरकार पंजाब में एक "फिल्मी ड्रामा" कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में 'पंजाब इन्वेस्टर्स समिट' (निवेशक सम्मेलन) आयोजित करना, जब राज्य में नियमित रूप से हत्याएं हो रही हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, भगवंत मान सरकार का केवल एक दिखावा मात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आप' बड़े-बड़े वादों के दम पर सत्ता में आई थी, लेकिन हर मोर्चे पर विफल रही है। पचीस लाख नौकरियां देने, चार महीने के भीतर नशा खत्म करने और हर फसल पर एमएसपी की गारंटी देने के वादे महज खोखले आश्वासन साबित हुए हैं। रोजगार और अवसर प्रदान करने के बजाय, पंजाब का युवा बढ़ती बेरोजगारी और गहरी हताशा का सामना कर रहा है। सरकार की घोषणाएं केवल भाषणों, विज्ञापनों और प्रचार अभियानों तक ही सीमित हैं।
श्री चुघ ने कहा कि आप सरकार ने 16 मेडिकल कॉलेज, 16,000 मोहल्ला क्लिनिक और विधवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2,500 रुपये पेंशन का वादा किया था, लेकिन चार साल बाद भी ये वादे काफी हद तक अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के तहत राज्य में नशे, गैंगस्टरवाद और जबरन वसूली के मामले बढ़े हैं, जिससे जनता के बीच डर का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के हित में नहीं, बल्कि अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए काम कर रही है। राज्य के संसाधनों को विकास और कल्याण के बजाय केवल प्रचार और छवि चमकाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित