चंडीगढ़ , मई 16 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शनिवार को कहा कि पंजाब हमेशा अन्याय और अलोकतांत्रिक ताकतों के खिलाफ खड़ा रहा है तथा आगे भी अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करता रहेगा।
श्री रंधावा ने कहा कि पंजाब की धरती ने अंग्रेजों और मुगलों के खिलाफ लड़कर इतिहास रचा है और आज भी पंजाब के लोग लोकतंत्र और राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने कथित एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देशभर में वोटों में छेड़छाड़ और फर्जी वोटों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने "एक घर में 100 वोट" जैसी रिपोर्टों को बेहद गंभीर बताते हुए शीर्ष न्यायालय से हस्तक्षेप की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब में वोटों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और राज्य के लोग लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेंगे। केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर आम लोगों, दिहाड़ी मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने चंडीगढ़ में किसानों पर पानी की बौछार किए जाने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसानों और बुजुर्गों का सम्मान करना हर सरकार की जिम्मेदारी है।
श्री रंधावा ने गायक दिलजीत दोसांझ के निजी सहायक (पीए) पर हुई गोलीबारी की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई और कार्रवाई में देरी पर सवाल खड़े किए। हाल ही में हुई सीबीआई छापेमारी को लेकर भी उन्होंने पंजाब सरकार की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर जिस तरह सख्त रुख अपनाया, पंजाब सरकार वैसा करने में विफल रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें बयानबाजी की बजाय शासन और प्रशासन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि पंजाब के लोग पूरी तरह जागरूक हैं और किसी भी अलोकतांत्रिक कदम के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की रक्षा करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित