भिवानी , जून 05 -- हरियाणा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ( माकपा) की भिवानी जिला इकाई ने पंजाबी समुदाय के खिलाफ कथित रूप से की गयी आपत्तिजनक टिप्पणी और टेलीफोन पर धमकी देने की घटना की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग की है।
माकपा के जिला सचिव ओम प्रकाश ने कहा कि किसी भी समुदाय के विरुद्ध घृणा फैलाने, भाईचारा बिगाड़ने और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने अपनी मेहनत और संघर्ष के बल पर शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसे समाज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां करना सामाजिक एकता को कमजोर करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में रोहतक में भी एक प्रदर्शन के दौरान जिला उपायुक्त के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी तथा पुलिस अधीक्षक के प्रति असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया, जो निंदनीय और अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा और जिम्मेदार व्यवहार आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित