चंडीगढ़ , जून 19 -- पंजाब कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता जतिंदर पाल मल्होत्रा के कथित विवादित बयान को लेकर शुक्रवार को राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह बयान पंजाबियों के सम्मान और स्वाभिमान पर हमला है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर सभी जिला कांग्रेस समितियां अपने-अपने जिलों में प्रदर्शन आयोजित करेंगी। पार्टी कार्यकर्ता भाजपा नेता मल्होत्रा और केवल सिंह ढिल्लों के पुतले फूंककर विरोध दर्ज कराएंगे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा की पंजाब विरोधी सोच लगातार सामने आ रही है और पंजाबियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयानों के खिलाफ पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस कभी समझौता नहीं करेगी।

कांग्रेस ने मांग की है कि पंजाबियों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने वाले लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस का कहना है कि ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाते हैं तथा इनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

कांग्रेस ने इसे पंजाब के सम्मान की लड़ाई बताते हुए प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा की कथित पंजाब विरोधी मानसिकता के खिलाफ यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित