बारां , अक्टूबर 22 -- राजस्थान के बारां में पंचायती राज चुनाव के तहत पंच-सरपंच चुनाव के लिए गुरुवार को सिटी टाउन हॉल में निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी बाल मुकुंद असावा ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्वाचन अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें और नामांकन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया को पारदर्शिता और कुशलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें।

उन्होंने कहा कि पंच-सरपंच चुनाव में नियुक्त निर्वाचन अधिकारियों को मतदान केन्द्र पर ही इन सभी कार्यों को पूरा करना है। इसके लिए प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया के सभी पहलुओं को पूरी गंभीरता के साथ समझें और शंकाओं का समाधान प्राप्त करें। असावा ने निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और तकनीकी कार्यों में पूर्ण सावधानी बरतने पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित