नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने वाले विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी -जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर देशभर में जागरूकता अभियान तेज हुआ है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि जिला स्तर पर आयोजित पंच सम्मेलनों के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और अधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों तथा उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक देशभर में 1,338 पंच सम्मेलनों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें 5.26 लाख से अधिक पंचायती राज प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लिया।

मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सभी तीन स्तरों की पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को अधिनियम की जानकारी देने और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उनकी भूमिका स्पष्ट करने के उद्देश्य से पंच सम्मेलनों के आयोजन का अनुरोध किया था। 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अपने निर्धारित पंच सम्मेलनों को पूरा कर लिया है। इनमें आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मिजोरम, नगालैंड, पंजाब, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, जम्मू-कश्मीर तथा पुडुचेरी शामिल हैं। गुजरात, जम्मू-कश्मीर और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों ने जिला स्तर के साथ-साथ अन्य प्रशासनिक स्तरों पर भी सम्मेलनों का आयोजन कर अभियान का दायरा बढ़ाया है।

वीबी -जी राम जी अधिनियम, 2025 में ग्रामीण विकास की प्रक्रिया में ग्राम पंचायतों को महत्वपूर्ण भूमिका दी गयी है। पंचायतों को योजना निर्माण, योजनाओं के क्रियान्वयन, निगरानी, पारदर्शिता और सामाजिक जवाबदेही से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गयी हैं। पंच सम्मेलनों में विकसित ग्राम पंचायत योजना, ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड, परिसंपत्ति निर्माण, विभिन्न योजनाओं के अभिसरण, सामाजिक अंकेक्षण और शिकायत निवारण तंत्र जैसे विषयों पर प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को जानकारी दी जा रही है। सरकार के अनुसार, इन सम्मेलनों से जमीनी स्तर पर सहभागी योजना निर्माण, सुशासन और पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में आधार तैयार हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित