बैतूल , अगस्त 03 -- मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत वडाली में एक पंच के खिलाफ ग्राम रोजगार सहायक से मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा पंचायत कार्यालय की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम वडाली निवासी ग्राम रोजगार सहायक धर्मेंद्र साहू (42) 27 जुलाई को पंचायत भवन में सचिव दिनेश लवाहे और अन्य कर्मचारियों के साथ शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम पंचायत के पंच राजू धोटे कार्यालय पहुंचे और पुरानी बात को लेकर धर्मेंद्र साहू से विवाद करने लगे।

शिकायत के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धर्मेंद्र साहू का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां के साथ भी धक्का-मुक्की की गई तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

फरियादी ने आरोप लगाया है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पंचायत कार्यालय में रखे मृत्यु रजिस्टर और मस्टर रोल सहित शासकीय दस्तावेज फाड़ दिए। इसके अलावा कंप्यूटर, यूपीएस और प्रिंटर को पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे लगभग 40 हजार रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

घटना के समय पंचायत कार्यालय में मेट ज्ञानराव मेटकर, ग्रामीण पवन कुमरे सहित अन्य लोग मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। इसके बाद ग्राम रोजगार सहायक ने आठनेर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पंच राजू धोटे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित