दरभंगा , अगस्त 29 -- बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत पंचायत स्तर पर सुधा उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जीविका दीदियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सोनकी पंचायत में शनिवार को जीविका-सुधा विक्रय केंद्र का उद्घाटन किया गया।जिलाधिकारी कौशल कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर जिले के पहले जीविका-सुधा विक्रय केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुधा उत्पादों की जानकारी ली।

श्री कुमार ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि सुधा एवं जीविका के संयुक्त प्रयास से ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण दूध एवं दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे। साथ ही, जीविका दीदियों को रोजगार एवं स्वरोजगार का नया अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जीविका-सुधा विक्रय केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने जीविका दीदियों से विक्रय केंद्र का बेहतर संचालन करने तथा अधिक से अधिक ग्रामीण उपभोक्ताओं तक सुधा उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर सुधा डेयरी के प्रबंध निदेशक आर.के. झा ने जीविका दीदियों से अधिक से अधिक संख्या में सुधा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि वे दूध उत्पादन से लेकर संग्रहण, विपणन एवं बिक्री तक की पूरी प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकती हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलने के साथ दुग्ध व्यवसाय को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जीविका एवं सुधा के बीच बेहतर समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन तथा दुग्ध उत्पादों के विपणन को नई गति मिलेगी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सात निश्चय-3 के तहत राज्य की सभी पंचायतों में सुधा विक्रय केंद्र खोलने की योजना है। इसके तहत प्रत्येक पंचायत में केंद्र के लिए स्थान एवं जीविका दीदी का चयन जीविका द्वारा किया जाएगा। चयनित जीविका दीदी को सुधा का रिटेलर बनाया जाएगा और सुधा डेयरी द्वारा विभिन्न उत्पादों की नियमित आपूर्ति की जाएगी।

दरभंगा जिले में इस योजना के तहत अब तक 266 पंचायतों में जीविका दीदियों के चयन की प्रक्रिया की जा रही है। सोनकी पंचायत में आरती देवी, पति अनिल पंजीयार को जिले का पहला जीविका-सुधा विक्रय केंद्र संचालित करने की जिम्मेदारी दी गयी है।

उद्घाटन समारोह में सुधा डेयरी के प्रबंध निदेशक आर.के. झा, दरभंगा सुधा डेयरी के प्रभारी पदाधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र प्रसाद सिंह, विपणन प्रभारी मो. खुर्शीद आलम, जीविका की डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी, श्रेया शर्मा सहित जीविका एवं सुधा डेयरी के अधिकारी, कर्मी तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित