पटना , अप्रैल 29 -- पांच सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे पंचायत सचिव के प्रतिनिधि और पंचायती राज विभाग के बीच बुधवार को एक सकारात्मक वार्ता संपन्न हुई।

विभाग के निदेशक नवीन कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत सचिवों के प्रतिनिधि के साथ हुई बातचीत में कई मुद्दों पर परस्पर सहमति बनी है। 'स्थानांतरण-पदस्थापन' के संबंध में पंचायत सचिव संघ के सदस्यों से विमर्श कर दोबारा बातचीत होगी।

निदेशक ने कहा कि पंचायत सचिव ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था एवं पंचायत शासन प्रणाली के महत्वपूर्ण अंग हैं। विभाग उनके दायित्वों और योगदान का पूर्ण सम्मान करता है, उनके कार्य निष्पादन को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभाग सदैव संवाद, समन्वय एवं संस्थागत विमर्श के माध्यम से समस्याओं के समाधान का पक्षधर रहा है। पंचायत सचिवों के संशय एवं समस्याओं के समाधान के लिए विभाग पंचायत सचिव प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद कर रहा है।

विभाग को विश्वास है कि पंचायत सचिव संघ जनहित, ग्रामीण सेवा वितरण की निरंतरता तथा पंचायत प्रशासन की सुचारु व्यवस्था के प्रति संवेदनशील रहते हुए सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाएगा, जिससे आम नागरिकों को प्रदत्त सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित