बैतूल , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की जनपद पंचायत भीमपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चूनालोहमा में पंचायत सचिव की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया है कि उनकी नियमित अनुपस्थिति के कारण पंचायत कार्यालय के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायतें किए जाने और समाचार प्रकाशित होने के बावजूद सचिव समय पर पंचायत कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। इसके चलते जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय, निवास, मूल निवासी प्रमाण पत्र तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित कार्य लंबित पड़े हैं और ग्रामीणों को बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने दावा किया कि पिछले वर्ष ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री के औचक निरीक्षण के दौरान भी पंचायत सचिव कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए थे। इसके अलावा उपसरपंच अर्चना राठौर सहित अन्य ग्रामीणों ने कई बार पंचनामा तैयार कर जनपद पंचायत प्रशासन को शिकायत भेजी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सचिव को किसी स्तर का संरक्षण मिलने के कारण कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कर पंचायत कार्यालय में नियमित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में पंचायत सचिव अथवा संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित