नयी दिल्ली , अप्रैल 24 -- केन्द्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा है कि उन्हें सरकार की जनहित की योजनाओं का लाभ आम जनों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
प्रो बघेल ने शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके पर यहां आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि वे ऐसा करेंगे तो जनता के लाभान्वित होने के साथ-साथ उनकी लोकप्रियता में भी इजाफा होगा। इससे उनके दोबारा पंचायत प्रतिनिधि चुने जाने के अवसर बढ़ जायेंगे। उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना का विशेष तौर पर उल्लेख करते हुए कहा कि इनके सही तरीके से क्रियान्वयन से आम जन को बहुत लाभ होगा। इन योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करने वाले पंचायत प्रतिनिधि बहुत लोकप्रिय हो जायेंगे और वे दोबारा चुने जायेंगे।
श्री बघेल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण क्षेत्रों में भारत के टिकाऊ विकास का आधार हैं। पंचायतों को सशक्त बनाना विकसित भारत के उस दृष्टिकोण को साकार करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो गांवों, किसानों और स्थानीय समुदायों के विकास पर आधारित है। क्षमता विकास कार्यक्रमों के सकारात्मक प्रभाव को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि इससे निर्वाचित प्रतिनिधियों, विशेष रूप से महिलाओं के नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता में स्पष्ट परिवर्तन आया है।
उन्होंने जमीनी स्तर पर सेवा वितरण को मजबूत करने में पारदर्शी शासन व्यवस्था और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण की भूमिका की भी प्रशंसा की।
प्रो. बघेल ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से सेवा, सत्यनिष्ठा और विकासोन्मुखी नेतृत्व के मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एक मजबूत पंचायती राज व्यवस्था आत्मनिर्भर भारत की सबसे मजबूत नींव है।
पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज ने सोलहवें वित्त आयोग की सिफारिशों के माध्यम से ग्रामीण स्थानीय निकायों के महत्वपूर्ण वित्तीय सशक्तिकरण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अनुशंसित अनुदान पंद्रहवें वित्त आयोग के आवंटन की तुलना में लगभग 84 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है, जो सरकार के तीसरे स्तर के पक्ष में राजकोषीय संघवाद के निर्णायक सुदृढ़ीकरण को प्रतिबिंबित करता है।
श्री भारद्वाज ने पंचायती राज संस्थाओं से प्रदर्शन अनुदान प्राप्त करने के लिए अपने स्व-स्रोत राजस्व जुटाने और बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंचायती राज दिवस के अवसर पर एक संदेश में देश भर के जन प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री के संदेश को यहां ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष पढ़ा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित