जौनपुर , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश के पंचायत राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया है कि पंचायत चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एसआईआर, बोर्ड परीक्षा और जनगणना को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि इनका पंचायत चुनाव से कोई टकराव नहीं है।

शुक्रवार को जौनपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री राजभर ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। मतपत्रों की छपाई कर उन्हें जिलों में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिससे स्पष्ट है कि सरकार और आयोग चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

श्री राजभर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पंचायत चुनाव समय पर कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित