शेखपुरा , जुलाई 11 -- बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के नेता दीपक प्रकाश ने शनिवार को कहा कि सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग इस बात के लिए भरपूर प्रयास कर रहे हैं कि समय पर पंचायत चुनाव कराये जा सकें।

श्री प्रकाश आज अपने दो दिवसीय दौरे पर शेखपुरा पहुंचे और संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि आबादी की गणना कर ली गई है और नए आरक्षण रोस्टर के साथ चुनाव कराये जायेंगे।

मंत्री ने कहा कि पंचायतों में बड़ी संख्या में नलजल योजना में त्रुटि और गड़बड़ी की शिकायत मिल रही है और विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्री प्रकाश ने ग्रामीणों की मांग पर चांदी पहाड़ पर लगने बाले सबरी मेला को राजकीय मेला घोषित कराने और पर्यटन के लिए विकास का काम कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जिला के सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कर रही है, जिससे एक ही भवन में ग्रामीणों को सभी तरह की सुविधा मिल सके।

मंत्री इससे पहले घुसकुरी गांव पहुंचे जहां उन्होंने नवनिर्मित पुस्तकालय का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ससबहना बाजार स्थित लौह पुरुष सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

श्री प्रकाश इसके बाद चांदी गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। मंत्री ने सनैया गांव में चल रहे पंचायत सरकार भवन का भी निरीक्षण किया और देर शाम वापस लौट कर समाहरणालय के मंथन सभागार कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

मंत्री ने इस बैठक में नलजल योजना की गड़बड़ी को प्राथमिकता के आधार पर सुधार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मंत्री ने पंचायतों में स्वच्छता अभियान को भी गति देने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित