जयपुर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत प्रथम चरण में जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में करीब 63 प्रतिशत एवं पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव के लिए 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले चरण में राज्य की 16 जिला परिषदों के सदस्यों एवं 104 पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान गुरुवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक शुरू हुआ और शाम को छह बजे तक चला। छह बजे तक जो मतदाता मतदान केनद्र परिसर में आया गया, उन्होंने छह बजे बाद तक मतदान किया।
इस दौरान 16 जिला परिषदों में शाम छह बजे तक 62.93 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले जबकि पंचायत समिति सदस्यों के लिए 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। छह बजे तक जिला परिषदों में अजमेर में 61.53, अलवर में 64.97, बाडमेर में 67.37, भीलवाड़ा में 61.20, बीकानेर में 71.44, डूंगरपुर में 61.11, जयपुर में 67.60, झालावाड़ में 68.35, जोधपुरमें 62.91, कोटा में 64.15, नागौर में 64.84, पाली में 47.89, फलौदी में 66.74, राजसमंद में 56.37, सिरोही में 55.66 एवं उदयपुर में 64.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान बीकानेर में सर्वाधिक 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इससे पहले अपराह्न तीन बजे तक जिला परिषदों में अजमेर में 42.59, अलवर में 50.55, बाडमेर में 51.72, भीलवाड़ा में 42.61, बीकानेर में 55.55, डूंगरपुर में 45.73, जयपुर में 49.34, झालावाड़ में 53.13, जोधपुर में 50.09, कोटा में 47.26, नागौर में 50.18, पाली में 39.13, फलौदी में 53.55, राजसमंद में 43.09, सिरोही में 45.51 एवं उदयपुर में 48.86 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पंचायत समितियोंं में छह बजे तक सर्वाधिक बाडमेर जिले की मांगता पंचायत समिति में 79. 55 प्रतिशत एवं सबसे कम मतदान पाली जिले की रानी स्टेशन पंचायत समिति में 40.02 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। अभी मतदान के आखिरी आंकड़े आने शेष हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित