जयपुर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत प्रथम चरण के लिए मतदान जारी हैं और अपराह्न तीन तक जिला परिषदों के सदस्यों के चुनाव में 48.06 प्रतिशत एवं पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव के लिए 48.85 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले चरण में राज्य की 16 जिला परिषदों के सदस्यों एवं 104 पंचायत समिति के सदस्योंके चुनाव के लिए मतदान आज सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक शुरु हुआ और मतदान केन्द्रों पर मतदाता लंबी लंबी कतारों में लगकर अपने मतदान का उपयोग कर रहे हैं अपराह्न तीन बजे तक जिला परिषदों में अजमेर में 42.59, अलवर में 50.55, बाडमेर में 51.72, भीलवाड़ा में 42.61, बीकानेर में 55.55, डूंगरपुर में 45.73, जयपुर में 49.34, झालावाड़ में 53.13, जोधपुर में 50.09, कोटा में 47.26, नागौर में 50.18, पाली में 39.13, फलौदी में 53.55, राजसमंद में 43.09, सिरोही में 45.51 एवं उदयपुर में 48.86 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इस दौरान सर्वाधिक मतदान 55.55 प्रतिशत बीकानेर जिला परिषद एवं सबसे कम 39.13 प्रतिशत मतदान पाली जिला परिषद के लिए दर्ज हुआ।

इसी तरह पंचायत समितियोंं में तीन बजे तक सर्वाधिक उदयपुर जिले की नाई पंचायत समिति में 63. 04 प्रतिशत एवं सबसे कम मतदान पाली जिले की रानी स्टेशन पंचायत समिति में 32.94 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया।

इससे पहले जिला परिषदों में मतदान के पहले तीन घंटों 12.67 प्रतिशत एवं पंचायत समितियों में 12.06 प्रतिशत तथा अपराह्न एक बजे जिला परिषद में करीब 35 प्रतिशत एवं पंचायत समितियों 33.31 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार काउपयोग किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित