जयपुर , अक्टूबर 07 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि पंचायत चुनाव में जीतने वाले उम्मीदवार को ही पार्टी का टिकट मिलना चाहिए, इसलिए वह इस चुनाव में किसी के टिकट के लिए सिफारिश नहीं करेंगे।

श्री गहलोत ने बुधवार को पंचायत चुनाव को लेकर यहां प्रदेश कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी है कि जीतने वाले उम्मीदवार को ही टिकट मिले। सभी के आकलन को ध्यान में रखा जाए और यह न देखा जाये कि 'कौन किसका आदमी है।' उन्होंने कहा कि वह किसी के टिकट के लिए सिफारिश नहीं करेंगे, क्योंकि किस क्षेत्र में कौन जीत सकता है, इसका सही आकलन स्थानीय स्तर पर ही बेहतर हो सकता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी एकजुटता के साथ पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि आज के बाद यह भावना रहनी चाहिए कि सब नेता एक हैं। राजस्थान देश में एकता की मिसाल है।

उन्होंने कहा कि यही भावना संगठन को मजबूत करेगी और पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस की सामूहिक ताकत जीत के रूपमें सामने आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित