बेतिया , नवंबर 02 -- िहार पंचायत आम निर्वाचन 2026 में अति पिछड़े वर्गों को आरक्षण प्रदान किए जाने की पात्रता की समीक्षा के लिए गठित राज्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार आर्य ने सोमवार को पश्चिम चंपारण जिले का भ्रमण कर सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला अतिथि गृह के सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर अति पिछड़े वर्गों को आरक्षण प्रदान किए जाने की पात्रता निर्धारित करने के लिए चल रहे सर्वेक्षण कार्य तथा पंचायतों से संबंधित आवश्यक सूचनाओं और अभिलेखों के संकलन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद आयोग के अध्यक्ष ने बैरिया प्रखंड की सूर्यपुर पंचायत, बगहा-1 प्रखंड की लगुनाहा चौतरवा पंचायत तथा मझौलिया प्रखंड की जौकटिया पंचायत का स्थलीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और आम लोगों को सर्वेक्षण के उद्देश्य एवं प्रक्रिया की जानकारी दी तथा कार्य में अपेक्षित सहयोग करने की अपील की।
डॉ. आर्य ने बताया कि आयोग पंचायतवार एवं प्रखंडवार आवश्यक सूचनाओं, अभिलेखों और संबंधित आंकड़ों का संकलन एवं विश्लेषण करेगा। इसके आधार पर समुचित अध्ययन के बाद प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। आयोग को आगामी बिहार पंचायत आम निर्वाचन 2026 में पिछड़े वर्गों को आरक्षण प्रदान किए जाने की पात्रता की समीक्षा के लिए समर्पित आयोग के रूप में अधिसूचित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित