जयपुर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव के द्वितीय चरण के तहत जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों की 112 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए शुक्रवार को हुए मतदान में 86.48 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि मतदान के प्राप्त अंतिम आंकड़ों के अनुसार सुबह सात से शाम छह बजे तक हुए मतदान के दौरान तीन लाख 78 हजार 364 मतदाताओं में से तीन लाख 27 हजार 224 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

श्री नायक ने बताया कि इस दौरान जिले की पंचायत समिति क्षेत्र अमरसर में 84.24 प्रतिशत, आमेर में 85.98 प्रतिशत, जालसू में 88.89 प्रतिशत, रामपुरा डाबड़ी में 88.57 प्रतिशत तथा शाहपुरा में 84.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें जालसू पंचायत समिति क्षेत्र में सर्वाधिक 88.89 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के बाद मतगणना शुरु शुरु हो गी और शनिवार को उपसरपंच के चुनाव होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित