जयपुर , नवंबर 04 -- राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत 27 जिलों में जिला परिषद एवं 116 पंचायत समितियों में सदस्यों के चुनाव में 69 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार मंगलवार को हुए मतदान के प्राप्त अंतिम आंकड़ों के बाद इन जिलों में जिला परिषदों में 69.41 एवं पंचायत समितियों में 69.31 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया। इन पंचायत समितियों में गत पंचायत आम चुनाव 2020-21 में 63.56 प्रतिशत मतदान रहा। मतदान में इस वर्ष इससे 5.75 प्रतिशत की वद्धि हुई हैं।

तृतीय चरण में 27 जिला परिषदों में बालोतरा में 68.38, बांसवाड़ा में 81.30, बारां में 69.73, ब्यावर में 57.68, भरतपुर में 71.67, बीकानेर में 75.36, बूंदी में 71.74, चित्तौड़गढ़ में 68.50, चूरु में 73.08, दौसा में 64.94, डीडवाना-कुचामन में 64.37, डीग में 72.59, धौलपुर में 66.85, गंगानगर में 74.52, हनुमानगढ़ में 78.36, जयपुर में 72.85, जालोर में 66.74, झुंझुनूं में 65.07, करौली में 68.90, खैरथल-तिजारा में 76.99, कोटपुतली-बहरोड़ में 73.62, प्रतापगढ़ में 76.10, सवाईमाधोपुर में 60.02, सलूम्बर में 61.79, सीकर में 67.73, टोंक में 62.28 एवं उदयपुर जिला परिषद में 64.94 प्रतिशत मतदान रहा।

इनमें सर्वाधिक मतदान बांसवाड़ा जिला परिषद में 81.30 प्रतिशत रहा, जबकि सबसे कम ब्यावर जिला परिषद में 57.68 प्रतिशत दर्ज किया गया। इन जिलों में 377 वार्डों में जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए 1305 उम्मीदवारों ने अपनी चुनावी किस्मत आजमाई।

इसी तरह इस चरण में इन जिलों में 116 पंचायत समितियों में सदस्यों के चुनाव में सर्वाधिक बांसवाड़ा जिले की नाहरपुरा पंचायत समिति में 83.86 प्रतिशत जबकि सबसे कम बालोतरा जिले की समदड़ी पंचायत समिति में 52.13 प्रतिशत मतदान हुआ। इन पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में 7789 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। मतगणना 20 नवम्बर को होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित