जयपुर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 418 उम्मीदवारों ने 476 नामांकन पत्र दाखिल किए।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि तृतीय चरण में चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी एवं सांगानेर पंचायत समितियों के कुल 77 वार्डों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए निर्वाचन होना है। अब तक चाकसू में 109 नामांकन पत्रों के माध्यम से 97 प्रत्याशियों, कोटखावदा में 92 नामांकन पत्रों के माध्यम से 75 अभ्यर्थियों, माधोराजपुरा में 97 नामांकन पत्रों के माध्यम से 88 उम्मीदवारों, फागी में 101 नामांकन पत्रों के माध्यम से 89 प्रत्याशियों तथा सांगानेर में 77 नामांकन पत्रों के माध्यम से 69 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है।

उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन चाकसू में दो प्रत्याशियों ने दो नामांकन पत्र दाखिल किए थे। दूसरे दिन पांचों पंचायत समितियों में 66 उम्मीदवारों ने 71 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। तीसरे दिन 128 प्रत्याशिेयों ने 143 नामांकन पत्र तथा चौथे दिन 222 उम्मीदवारों ने 260 नामांकन पत्र दाखिल किए। इस प्रकार चार दिनों में कुल 476 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें 418 उम्मीदवार शामिल हैं।

नामांकन पत्रों की जांच 24 अक्टूबर को की जाएगी और 26 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे तथा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। तृतीय चरण के लिए मतदान दल दो नवंबर को रवाना होंगे तथा जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए तीन नवंबर को प्रातः सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित