जयपुर , नवंबर 16 -- राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चौथे एवं अंतिम चरण में 25 जिलों में 3747 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पद के लिए मतदान सोमवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरु हुआ।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इन ग्राम पंचायतों में मतदान सुबह सात बजे शांतिपूर्ण तरीके से शुरु हुआ और मतदाताओं का अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए मतदान केन्द्रों पर पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया और धीरे धीरे कतारे लगनी शुरु हो गई।

पंचायत चुनाव के इस अंतिम चरण में बालोतरा में 182, बांसवाड़ा में 277, बारां में 133, ब्यावर में 100, भरतपुर में 96, बीकानेर में 92, बूंदी में 195, चित्तौड़गढ़ में 199, चुरु में 231, डीडवाना-कुचामन में 168, डीग में 86, धौलपुर 98, हनुमानगढ़ में 120 , जयपुर में 140, जैसलमेर में 266, जालोर में 102, झुंझुनूं में 115, करौली में 144, खैरथल-तिजारा में 117, प्रतापगढ़ में 114, सलूंबर में 96, सवाईमाधोपुर में 117, सीकर में 123 एवं टोंक में 129 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंचों के चुनाव के लिए मतदान कराया जा रहा हैं। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

इन ग्राम पंचायतों में 22 हजार 158 सरपंच उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें करीब 3245 ग्राम पंचायतों में दो से नौ प्रत्याशी, 439 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 उम्मीदवार और 12 ग्राम पंचायतों में 20 से 29 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं जबकि सवाईमाधोपुर जिले की एक ग्राम पंचायत में तो 30 से अधिक उम्मीदवार अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं।

पच्चीस जिलों में 3747 ग्राम पंचायतों के अलावा 48 ग्राम पंचायतों में सरपंच का निर्वाचन निर्विरोध कर लिया गया। मतदान सम्पन्न होने के बाद मतगणना शुरु कर दी जायेगी जबकि उपसरपंच का निर्वाचन मंगलवार को कराया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित