बैतूल , मई 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की शाहपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत धपाड़ा की सरपंच सुमंत्रा चौहान ने पंचायत क्षेत्र में कराए गए निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के मूल्यांकन के बदले 20 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से शिकायत की है।

सुमंत्रा चौहान ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे को आवेदन सौंपकर बताया कि वर्ष 2022 के दौरान पंचायत क्षेत्र में चौपाल, सड़क, पुलिया तथा चार आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए थे। इन कार्यों के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी थी और निर्माण कार्य नियमानुसार पूर्ण कर लिए गए थे, लेकिन अब तक उनका तकनीकी मूल्यांकन नहीं किया गया है।

सरपंच ने आरोप लगाया कि मूल्यांकन प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए संबंधित इंजीनियरों तथा शाहपुर जनपद पंचायत के कुछ अधिकारियों द्वारा कार्य लागत का 20 प्रतिशत कमीशन मांगा जा रहा है। उनका कहना है कि राशि नहीं देने पर मूल्यांकन लंबित रखने की बात कही जा रही है, जिससे भुगतान और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि मूल्यांकन में देरी के कारण पंचायत स्तर पर विकास कार्यों का वित्तीय समायोजन अटका हुआ है और इसका आर्थिक दबाव उन पर डाला जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में जनपद पंचायत शाहपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जनसुनवाई में दिए गए आवेदन में सुमंत्रा चौहान ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लंबित मूल्यांकन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है। जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कलेक्टर कार्यालय के सूत्रों के अनुसार जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित