दरभंगा , मई 04 -- बिहार के दरभंगा जिले में राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए जिले में पंचायत स्तर पर "सहयोग शिविर" आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि प्रथम चरण में आगामी 19 मई 2026 को जिले के चयनित 24 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में जमाबंदी, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, विविध पेंशन, श्रम निबंधन, सामाजिक सुरक्षा, भूमि सुधार, पंचायती राज, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित आदि विभागों से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा। सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जा रहे जनकल्याणकारी योजना की भी प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे तथा प्राप्त आवेदनों का निष्पादन एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए एक एमआईएस पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जिसमें सभी आवेदनों को अपलोड कर उनकी सतत निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शिविर का संचालन जिला एवं अनुमंडल स्तर के वरीय पदाधिकारियों की अध्यक्षता में किया जाएगा तथा शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण किया जाएगा। बड़े प्रखंडों में प्रभावी मॉनिटरिंग के उद्देश्य से दो पंचायतों का चयन किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित