पंचकूला , जून 09 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय सशक्त पंचायत समारोह में पंचायतों और ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत 2,697 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की। इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने घोषणा की कि शामलात भूमि पर पिछले 20 वर्षों से मकान बनाकर रह रहे पात्र परिवार अब 16 जनवरी 2027 तक मालिकाना हक के लिए आवेदन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने 17 जिलों के 179 गांवों में 23.21 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित एलईडी स्ट्रीट लाइटों और 44 करोड़ रुपये की लागत से बनी 350 अटल लाइब्रेरियों का लोकार्पण किया। साथ ही पंचायतों के विकास कार्यों के लिए 1,056.75 करोड़ रुपये सीधे पंचायत खातों में हस्तांतरित किये गये। जागृत ग्राम पुरस्कार के तहत छह ग्राम पंचायतों को 1.66 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गयी।

उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि जारी की। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए 1,151.51 करोड़ रुपये, दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 207.75 करोड़ रुपये, दयालु योजना के लिए 169.50 करोड़ रुपये तथा अन्य योजनाओं की राशि लाभार्थियों को भेजी गयी।

मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से नशामुक्त गांव बनाने, जल संरक्षण, स्वच्छता, प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पंचायतों को इस अभियान में सक्रिय सहयोग देना होगा। उन्होंने 2036 ओलंपिक को लक्ष्य बनाकर युवाओं को खेलों से जोड़ने पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित