पटना , जुलाई 14 -- ्रामीण क्षेत्र में संचालित योजनाओं के बेहतर कार्यावन्यन और अनुश्रवण की दिशा में ग्रामीण विकास विभाग दो दिवसीय जीरो ऑफिस-डे का आयोजन करेगा। इसके तहत विभागीय पदाधिकारी और कर्मचारी क्षेत्र में दौरा कर अपूर्ण योजनाओं की जानकारी लेंगे और उसे पूर्ण कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव रवि कुमार की ओर से सभी उप विकास आयुक्तों को जारी निर्देशों में कहा गया है कि विभाग के स्तर से संचालित योजनाओं में मुख्य रूप से विकसित भारत जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं लोहिया स्वच्छ अभियान बिहार के तहत विभिन्न कार्यों के निष्पादन एवं कार्यों के निरीक्षण के लिए 16 एवं 17 जुलाई को जीरो ऑफिस डे का आयोजन होगा। इस दौरान पदाधिकारी और कर्मचारी कार्यालयों में कार्य निष्पादन की बजाय क्षेत्र में योजनाओं का निरीक्षण एवं अनुश्रवण करेंगे।
इस जीरो ऑफिस डे के तहत आवास योजनाओं में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत लंबित कार्यों का निष्पादन किया जाएगा।
इस पत्र में कहा गया है कि वैसे लाभुक जिन्हें प्रथम, द्वितीय और तृतीय किश्त का भुगतान किया गया है, उनके द्वारा निर्धारित स्तर तक आवास निर्माण पूर्ण करने के पश्चात ससमय जियो टैगिंग किया जाएगा। साथ ही वैसे लाभुक जिन्होंने सहायता राशि मिलने के बाद भी निर्धारित स्तर तक आवास निर्माण का काम पूरा नहीं किया है, उन्हें इसके लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अस्थायी रूप से पलायित के रूप में चिन्हित परिवारों को ग्रामीण आवास सहायक/ ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करते हुए पलायित लाभुक के संबंध में उचित निर्णय लेंगे। वैसे लाभुग जो निरीक्षण के दौरान स्थायी रूप से पलायित पाए जाते हैं, उन्हें प्राथमिकता सूची से हटाने के लिए अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी। अस्थायी रूप से पलायित योग्य लाभुकों को आवास स्वीकृति के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित