पटना , सितंबर 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि पंचायतों को मजबूत करने से गांवों में विकास की गति तेज होगी।श्री सरावगी ने 'ग्राम संसद : बिहार चैप्टर-V' (मुखिया संवाद) कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों को विकास की मजबूत इकाई बनाने तथा आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
श्री सरावगी ने कहा कि बिहार के गांवों की ताकत ही बिहार के विकास की असली ताकत है। जब पंचायतें मजबूत होंगी, गांवों में विकास की रफ्तार बढ़ेगी और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, तभी विकसित बिहार का सपना जमीन पर साकार होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों को विकास की मजबूत इकाई बनाकर आत्मनिर्भर गांव, सक्षम युवा और मजबूत स्थानीय लोकतंत्र की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत@2047' के संकल्प को साकार करने में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि गांवों के विकास से ही देश के समग्र विकास की नींव मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास की प्राथमिकताएं तय करने और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए आगे आना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित