दरभंगा , अगस्त 01 -- िहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने जिले में संचालित पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिये।समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में शनिवार को प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, जिला परिषद की योजनाओं तथा मोक्ष धाम निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले की 308 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण किया जाना है। इनमें 98 भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 154 भवन निर्माणाधीन हैं।
मंत्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को निर्माणाधीन भवनों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियां निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करें।उन्होंने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं एलएईओ को सभी पंचायत सरकार भवनों के स्वीकृत प्राक्कलन की प्रति संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये ,जिससे निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी की जा सके।
बैठक में जिला परिषद की विभिन्न योजनाओं और जिला परिषद की भूमि से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गयी।
मंत्री ने उप विकास आयुक्त स्वप्निल को जिला परिषद की सभी योजनाओं का संचालन निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 75 योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 31 योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त की जा चुकी है, जबकि शेष योजनाओं के प्राक्कलन तैयार किये जा रहे हैं।
मंत्री ने स्वीकृत योजनाओं का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने तथा जहां भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र भूमि चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिये ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित