श्रीगंगानगर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में पंचायती राज चुनावों की तैयारी तेज होते ही कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष मदन राठौड़ पर हमले शुरू कर दिये हैं।
बाड़मेर-जैसलमेर से कांग्रेस सांसद एवं श्रीगंगानगर जिला पंचायती राज चुनाव प्रभारी उम्मेदाराम बेनीवाल ने शनिवार को यहां श्री राठौड़ के हालिया बयानों को लेकर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि पिछले करीब छह महीनों से श्री राठौड़ जो ऊटपटांग और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं, उससे साफ लगता है कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।
श्री बेनीवाल ने सुझाव दिया कि श्री राठौड़ को अच्छे मनोचिकित्सक को दिखाना चाहिए और भाजपा को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। श्री बेनीवाल के अनुसार श्री राठौड़ हमेशा सुर्खियों में रहने के लिए विवादित बयान देते हैं। हाल ही में पाकिस्तान-अमेरिका को लेकर दिए उनके बयान-जिसे बाद में क्रिकेट मैच के संदर्भ में बताया गया को भी उन्होंने चिंताजनक करार देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लगातार हिंदू-मुस्लिम की बात करके सत्ता के आसपास बने रहना चाहती है, जबकि आम जनता और खासकर किसान परेशान हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित