जोधपुर , अक्टूबर 17 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पंचायती राज चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का भरोसा जताते हुए कहा है कि भाजपा का लक्ष्य राज्य में डबल इंजन की सरकार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी तीसरा इंजन जोड़ना है।

श्री शेखावत ने शनिवार को जोधपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में पंचायती राज चुनाव को लेकर किए सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होता, बल्कि पूरे पांच साल सामाजिक सरोकारों के लिए काम करता है। वह संगठन का विस्तार करता है, उसके आधार को मजबूत बनाता है और विचारधारा को आगे बढ़ाता है। चुनाव के समय इन्हीं प्रयासों को एकजुट कर विजय हासिल करने के लिए काम किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य राज्य में डबल इंजन की सरकार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी तीसरा इंजन जोड़ना है। नगर निकाय चुनाव में शहरी क्षेत्रों में भाजपा पहले ही तीसरा इंजन जोड़ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में 70 प्रतिशत से अधिक नगर निकायों में भाजपा के बोर्ड बने हैं और पंचायती राज चुनाव में भी ऐसे ही परिणाम आने की उम्मीद है।

उन्होंने पिछले 35 वर्षों के चुनावी इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि सामान्य तौर पर जब राजस्थान में भाजपा की सरकार होती है, तब पार्टी के 12-13 जिलों में जिला प्रमुख बनते रहे हैं, जबकि सत्ता से बाहर रहने पर यह संख्या चार-पांच जिलों तक सिमट जाती थी। पिछली कांग्रेस सरकार के समय भी तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पांच चरणों में जिला परिषदऔर पंचायतों के चुनाव करवाए थे, इसके बावजूद 19 जिलों में भाजपा के बोर्ड बने थे।

श्री शेखावत ने इसे उस समय का सबसे बेहतर प्रदर्शन बताते हुए कहा कि इस बार पार्टी का प्रदर्शन इससे भी बेहतर रहनेकी उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित