जयपुर , अक्टूबर 13 -- राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जयपुर जिले की समस्त 22 पंचायत समितियों के समस्त चरणों के लिए मंगलवार को इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक के निर्देशन में अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में रेंडमाइजेशन आयोजित हुआ।

श्री नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतीराज चुनाव पूर्ण स्वतंत्रता, निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए जिले में सभी 22 पंचायत समितियों के तहत आने वाली 597 ग्राम पंचायतों के 2094 बूथों के 5115 बैलेट यूनिट तथा 5115 ही कंट्रोल यूनिट के लिए रैण्डमाइजेशन किया गया है। द्वितीय चरण का रैण्डमाइजेशन 16 अक्टूबर को होगा जिसमें यह तय किया जायेगा कि कौनसे बूथ पर कौनसी ईवीएम मशीन चुनाव कार्य के लिए उपयोग में ली जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित