जयपुर , अक्टूबर 15 -- राजस्थान में जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने कहा है कि पंचायतीराज चुनावों को पूर्ण निष्पक्षता, स्वतंत्रता एवं शांतिपूर्ण तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न करवाना हम सबका नैतिक दायित्व है।

श्री नायक गुरुवार को यहां पंचायती राज आम चुनाव के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में उनकी अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य चुनाव से संबंधित अधिकारियों के साथ उनके क्षेत्र के मतदान क्षेत्र व संबंधित मतदान केन्द्र का निरीक्षण करे तथा जिस ग्राम पंचायत क्षेत्र मेंफ्लैग मार्च व अन्य अतिरिक्त जाप्ते की आवश्यकता हो उसका विश्लेषण कर आवश्यक व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्तालय जयपुर एवं जिला पुलिस अधीक्षक, जयपुर (ग्रामीण) के स्तर से समग्र डिप्लॉयमेन्ट के समन्वय के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति (जो कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के स्तर का हो) की नियुक्ति की जाये तथा पुलिस डिप्लॉयमेन्ट प्लान के महत्वपूर्ण बिन्दु जैसे ई.वी.एम. सीलिंग के दौरान वेयर हाउस झोटवाड़ा जयपुर से ई.वी.एम. सीलिंग स्थल भवानी निकेतन, जयपुर तक ईवीएम ले जाने वाले वाहनों के साथ नियुक्त पुलिस जाप्ता, मतदान दल रवानगी स्थल, मतदान दल के साथ, क्रिटिकल/ संवेदनशील मतदान केन्द्रों, ई.वी.एम. स्ट्रॉग रूम, मतदान समाप्ति पश्चात संबंधित आरओ स्तर पर संकलित ई.वी.एम. को स्ट्रॉग रूम तक ले जाने वाले वाहन, ई.वी.एम सग्रहण स्थल आदि के लिए नियुक्त पुलिस जाप्ता के संबंध में कार्यवाही सम्पादित की जाये।

उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान मतदान दल रवानगी स्थल भवानी निकेतन, जयपुर से मतदान दलों की रवानगी के मार्ग के निर्वाध एवं सुगम यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित की जावे। मार्ग को किसी भी प्रकार से अवरुद्ध व बाधित नहीं हो। ईवीएम संग्रहण एवं मतदान दल की वापसी के दौरान भी उपरोक्त उल्लेखित व्यवस्थाएं आवश्यक रूप से सुनिश्चित की जाये।

बैठक में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी आदेशों की पालना रिपोर्ट तथा चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई। जिले में शस्त्र एवं आर्म्स लाइसेंस की कुल संख्या, 14 अक्टूबर तक पुलिस थानावार जमा कराए गए शस्त्रों तथा जमा होने से शेष रहे शस्त्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। शस्त्र जमा कराने से छूट प्राप्त लाइसेंसधारकों की संख्या तथा शस्त्र जमा कराने से छूट चाहने के लिए प्राप्त आवेदनों का विवरण भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिले में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए पाबंद किए गए व्यक्तियों की पुलिस थानावार संख्या तथा चुनाव के दौरान जब्त किए गए अवैध हथियारों एवं अवैध शराब की रिपोर्ट की समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित