जयपुर , अक्टूबर 16 -- राजस्थान में जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलेक्टर जयपुर संदेश नायकने पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के मद्देनजर जिले में विभिन्न चरणों में सूखा दिवस घोषित किया है।
इस दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों एवं उनके पांच किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में शराब की बिक्री, वितरण एवं उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
श्री नायक ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के प्रथम चरण में 20 अक्टूबर को शाम छह बजे से 22 अक्टूबर को शाम छह बजे तक, द्वितीय चरण में 26 अक्टूबर को शाम छह बजे से 28 अक्टूबर को शाम छह बजे तक, तृतीय चरण में एक नवंबर को शाम छह बजे से तीन नवंबर को शाम छह बजे तक तथा चतुर्थ चरण में 12 नवंबर को शाम छह बजे से 14 नवंबर को शाम छह बजे तक सूखा दिवस रहेगा।
उन्होंने बताया कि पंच एवं सरपंच पद के चुनाव के प्रथम चरण में 22 अक्टूबर को शाम छह बजे से 24 अक्टूबर को मतगणना समाप्ति तक, द्वितीय चरण में 28 अक्टूबर को शाम छह बजे से 30 अक्टूबर को मतगणना समाप्ति तक, तृतीय चरण में तीन नवंबर को शाम छह बजे से पांच नवंबर को मतगणना समाप्ति तक तथा चतुर्थ चरण में 14 नवंबर को शाम छह बजे से 16 नवंबर को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना के लिए निर्धारित 20 नवंबर 2026 को भी संबंधित पंचायत क्षेत्रों में सूखा दिवस रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित