भीलवाड़ा , सितम्बर 29 -- राजस्थान में प्रस्तावित पंचायतीराज चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों की संगठनात्मक तैयारियां तेज हो गयी हैं।

इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के एक अक्टूबर को भीलवाड़ा दौरे का कार्यक्रम बनाया गया है। वह जिला भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक लेकर पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने मंगलवार को बताया श्री राठौड़ ब्यावर में निर्धारित बैठक में शामिल होने के बाद भीलवाड़ा पहुंचेंगे। यहां अपराह्न साढ़े तीन बजे जिला भाजपा कार्यालय पर संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि बैठक में पंचायत राज चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और हाल में संपन्न नगर निकाय चुनाव के परिणामों की समीक्षा किये जाने की जानकारी दी गयी है। बैठक के बाद राठौड़ के राजसमंद रवाना होने का कार्यक्रम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित