जयपुर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के द्वितीय चरण के तहत जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के वार्डों में बुघवार को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार सुबह मतदान दल रवाना हुए।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर से मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के बाद ईवीएम एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चुनाव सामग्री उपलब्ध करायी गयी। सामग्री प्राप्त करने के बाद दल अपने संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गयी।

श्री नायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये। उन्होंने बताया कि मतदान दलों एवं मतदाताओं की सुविधाओं के लिए सभी मतदान केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित किया गया है।

द्वितीय चरण में अमरसर, आमेर, जालसू, रामपुरा डाबड़ी एवं शाहपुरा पंचायत समितियों के 81 वार्डों तथा जिला परिषद के वार्ड संख्या 11 से 14 एवं 51 से 57 में मतदान होगा। इन क्षेत्रों में कुल 413 मतदान केंद्र निर्धारित किये गये हैं। द्वितीय चरण में कुल 3 लाख 78 हजार 364 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए बुधवारको प्रातः सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित