पंचकूला , अप्रैल 20 -- हरियाणा के पंचकूला स्थित सिविल अस्पताल में एक नर्सिंग ऑफिसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रीति बेनीवाल के रूप में हुई है, जो रविवार देर रात को ऑन ड्यूटी आईसीयू में मृत पायी गयीं। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिये हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रीति रात की ड्यूटी के दौरान आईसीयू में तैनात थी। अगली शिफ्ट के कर्मचारी जब ड्यूटी पर पहुंचे, तो उन्होंने उसे स्टोर एरिया के पास फर्श पर गिरी हुई देखा। तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचित किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि मौत से करीब आधे घंटे पहले तक प्रीति को वहां के अन्य स्टाफ ने मोबाइल फोन पर व्यस्त देखा था। घटना के बाद हालांकि उसका मोबाइल फोन मौके से गायब मिला, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। मोबाइल फोन के गायब होने से अस्पताल स्टाफ की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गयी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) व अंतिम लोकेशन के आधारपर सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रीति मूल रूप से हिसार जिले के जुगलान गांव की रहने वाली थी और वर्तमान में सेक्टर-31, पंचकूला में परिवार के साथ रह रही थी। वर्ष 2024 में उसकी सरकारी नौकरी लगी थी और पहली पोस्टिंग पंचकूला सिविल अस्पताल में ही हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित