यमुनानगर , सितंबर 09 -- हरियाणा में यमुनानगर के पंचकूला-सहारनपुर राजमार्ग पर रुहलाखेड़ी गांव के पास बुधवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे खेतों में पानी की डोल से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। महिला की उम्र करीब 32 वर्ष बतायी जा रही है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती के शरीर पर सिर्फ अंडरगारमेंट्स थे और आसपास उसके कपड़े नहीं मिले। उसके गले में मंगलसूत्र और पैरों में पायल थी, जिससे वह विवाहित लग रही है। माथे पर चोट के निशान भी मिले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक राजीव मिगलानी के साथ जगाधरी थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं। फोरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाये गये।
श्री मिगलानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। मौके से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज या वस्तु बरामद नहीं हुई है। माथे पर चोट के निशान के आधार पर हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जतायी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जगाधरी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। उपाधीक्षक ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित