पंचकूला , सितंबर 29 -- हरियाणा में पंचकूला-शिमला राजमार्ग पर चंडीमंदिर टोल प्लाजा के पास मोटरसाइकिल और स्कूटर पर खतरनाक स्टंट करने वाले दो चालकों का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पंचकूला पुलिस ने स्टंटबाजों पर 45,000 रुपये का भारी चालान लगाते हुए उनके दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पकड़े गए चालकों में से एक नाबालिग है। इसके अलावा वीडियो में दिख रहे अन्य स्टंटबाजों पर भी पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त पंकज नैन ने ट्रैफिक पुलिस को हाईवे और शहर की प्रमुख सड़कों पर स्टंटबाजी व खतरनाक ड्राइविंग को रोकने के लिए नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए थे।
सूरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक ने वीडियो की गहनता से जांच कर मोटरसाइकिल और स्कूटर सवारों की पहचान की। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने एक वाहन पर 20,000 रुपये और दूसरे पर 25,000 रुपये का चालान कर कुल 45,000 रुपये का जुर्माना लगाया और दोनों वाहनों को सीज कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित