चंडीगढ़ , मई 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस वर्ष योग दिवस को पूरे प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ भव्य स्तर पर आयोजित किया जाये। इस वर्ष योग दिवस की थीम 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' रखी गयी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पंचकूला में आयोजित होगा, जबकि जिला, उपमंडल और ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष योग कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योग को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर जनआंदोलन का रूप दिया जाये। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।
श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचान और सम्मान मिला है। आज पूरी दुनिया भारत की इस प्राचीन परंपरा को अपना रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार स्वस्थ भारत और स्वस्थ हरियाणा के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष जयदीप आर्य ने बताया कि आठ से 10 जून तक योग जागरण यात्राएं, 15 जून को योग मैराथन और 16 से 18 जून तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जाएंगे। उन्नीस जून को अंतिम अभ्यास होगा। बैठक में कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित