चंडीगढ़ , अप्रैल 14 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित यवनिका पार्क से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को समर्पित 'समता मैराथन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आयोजन डॉ अंबेडकर 135वीं जयंती के अवसर पर किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैराथन सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धताका प्रतीक है। उन्होंने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

मैराथन में युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारोंके साथ एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया। यह दौड़ यवनिका पार्क से शुरू होकर ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम, सेक्टर-3 तक आयोजित की गयी।

मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, त्याग और संकल्प की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने वंचित और शोषित वर्ग के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया और देश को समानता, न्याय और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित विचारधारा दी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और समाज केहर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनायें चला रही है, ताकि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वह शिक्षा, एकता और जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लायें और बाबा साहेब के 'शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो' के संदेश को अपनायें।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, सांसद रेखा शर्मा, हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित