पंचकूला , मार्च 26 -- हरियाणा के पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर परिसर में वीरवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा पहुंचे। दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर महामाई का आशीर्वाद लिया।
मंदिर पहुंचने पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशा यादव ने पारंपरिक तरीके से दोनों मंत्रियों का स्वागत किया।
मुख्य मंदिर में दर्शन के बाद मंत्री रणबीर गंगवा ने यज्ञशाला में मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ में भाग लिया और आहुति अर्पित की। इससे पहले उन्होंने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने भी हवन में आहुति डाली।
इस अवसर पर निशा यादव ने दोनों मंत्रियों को माता मनसा देवी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में श्राइन बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित