पंचकूला , जून 04 -- हरियाणा में पंचकूला के सेक्टर-5 क्षेत्र में बुधवार देर रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षद के देवर रतन लुबाना पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में लुबाना घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने वारदात के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया और मुठभेड़ के बाद दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार रतन लुबाना देर रात सेक्टर-5 स्थित एक क्लब से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। हमले में उन्हें गोली लगी, जबकि घटनास्थल पर कई कारतूस और अन्य साक्ष्य भी मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रतन लुबाना को पहले भी कथित रूप से गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से फिरौती की धमकियां मिल चुकी थीं। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार फायरिंग के बाद पीड़ित परिवार को एक धमकी भरा फोन भी आया, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना के समय क्षेत्र में मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत हमलावरों का पीछा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही डिटेक्टिव स्टाफ, क्राइम ब्रांच और अन्य पुलिस टीमें सक्रिय हो गईं। मट्टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसके बाद दोनों शूटरों को काबू कर लिया गया।
रतन लुबाना स्थानीय भाजपा नेता नरेंद्र लुबाना के भाई हैं। हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में नरेंद्र लुबाना की पत्नी परमजीत कौर वार्ड-1 से भाजपा की टिकट पर पार्षद निर्वाचित हुई हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हमले के पीछे की साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित