चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आगामी 14 अप्रैल को पंचकूला में प्रदेश स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं कार्यक्रम समिति के सह-संयोजक राजकुमार कटारिया ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बाबा साहेब की जयंती के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में सप्ताहभर विभिन्न सामाजिक सेवा और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। जिला स्तर पर स्वच्छता अभियान, संगोष्ठी और दीपोत्सव के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 अप्रैल को अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास सफाई अभियान चलाया जाएगा और शाम को दीप प्रज्ज्वलन होगा।

श्री कटारिया ने बताया कि 14 अप्रैल को जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी प्रदेश भर में अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे और मिष्ठान वितरण किया जाएगा। बूथ स्तर तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में बाबा साहेब के जीवन, उनके विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, इस अवसर पर 'संविधान की प्रस्तावना' का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा।

कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि बस्तियों और छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान चलाकर समाज के गणमान्य लोगों को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर संगोष्ठियां आयोजित होंगी, जिनमें वंचित समाज के बुद्धिजीवी और समाजसेवी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित