पंचकूला , अगस्त 15 -- हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने शनिवार को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह से पहले उन्होंने सेक्टर-12 स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

समारोह को संबोधित करते हुए श्रुति चौधरी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात सेनानियों तथा शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले करीब 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी दी गई है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का जोर निवेश बढ़ाने, नए उद्योग स्थापित करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने, किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक आधारभूत ढांचे के विस्तार पर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 24 फसलों की खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है। भावांतर भरपाई योजना में 22 फल एवं सब्जियों को शामिल किया गया है।

जल संसाधनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 'जल सुरक्षित हरियाणा' कार्यक्रम के तहत 5,714 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की जा रही हैं। इनमें 678 नहरों का पुनर्वास एवं नवीनीकरण, 620 जलधाराओं का पुनर्वास तथा 120 नहर आधारित सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं का उन्नयन शामिल है। वर्षा जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के लिए 131 नई जल संरचनाएं विकसित की जाएंगी तथा करीब दो लाख एकड़ भूमि को जलभराव की समस्या से मुक्त किया जाएगा।

महिलाओं और बेटियों को प्रदेश की प्रगति की मजबूत आधारशिला बताते हुए श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार ने उनके लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप 4,000 से अधिक प्ले-वे स्कूल स्थापित किए गए हैं।

युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का विषय 'युवा शक्ति-विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व' है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

खेलों में हरियाणा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 10 पदक हासिल किए, जिनमें सात स्वर्ण पदक शामिल हैं। इनमें बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित