पंचकूला , जुलाई 27 -- पंचकूला के सेक्टर-15 में रविवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले सड़क से गुजर रही एक कार से टकराई, फिर लोहे का गेट, ग्रिल और सुरक्षा कक्ष तोड़ते हुए मकान के बाहर खड़ी टोयोटा हाईराइडर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह मकान की चारदीवारी तोड़कर परिसर के अंदर पहुंच गई। हादसे में दोनों वाहनों को भारी नुकसान हुआ, जबकि स्कॉर्पियो में सवार चारों युवक सुरक्षित बच गए।

पूरी घटना मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में नियंत्रण खोने के बाद एक के बाद एक अवरोधों को तोड़ते हुए खड़ी गाड़ी से टकराती दिखाई दे रही है।

सेक्टर-15 निवासी संदीप गोयल की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक मनमीत सिंह, निवासी बेगोवाल (जिला कपूरथला, पंजाब) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में चार युवक सवार थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि युवक शराब या किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में थे और उन्होंने बताया था कि वे नाइट क्लब से लौट रहे हैं।

हालांकि पुलिस का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के बाद कराए गए मेडिकल परीक्षण में नशे की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संरक्षण अधिनियम, 1984 की धारा तीन तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 324(5) (एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है।

सेक्टर-14 थाना पुलिस के अनुसार क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित