पंचकूला , अगस्त 17 -- हरियाणा पुलिस ने पिंजौर क्षेत्र में राजमार्ग पर एक ट्रक चालक से मारपीट कर करीब 30 हजार रुपये लूटने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है।
दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपियों की पहचान कालका की खुराना कॉलोनी निवासी रजत उर्फ मोटी (32) और पिंजौर की रतपुर कॉलोनी निवासी अनिल कुमार उर्फ बल्ला (38) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक घटना गत 13 अगस्त की रात की है। कैथल निवासी ट्रक चालक केले की खेप लेकर महाराष्ट्र से मलेरकोटला सब्जी मंडी पहुंचा था। इसके बाद वह अपने परिचालक के साथ पिंजौर सेब मंडी में माल लेने जा रहा था। रास्ते में एक ढाबे के पास ट्रक रोकने के बाद परिचालक खाना लेने चला गया और चालक ट्रक में ही था।
इसी दौरान दो युवक कथित तौर पर परिचालक की तरफ की खिड़की खोलकर ट्रक में घुसे और चालक से मारपीट की। आरोपी उसकी जेब से करीब 30 हजार रुपये छीनकर सफेद कार से फरार हो गए।
डीसीपी अपराध एवं यातायात अमरिंदर सिंह के अनुसार शिकायत पर पिंजौर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4)(6) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा-3 के प्रभारी तजिंदर पाल सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को 16 अगस्त को कालका की खुराना कॉलोनी से वारदात के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रजत के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की आगे जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित