पंचकूला , अप्रैल 17 -- हरियाणा नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद प्रदेश में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) चंद्रकांत कटारिया के तबादले की मांग उठाई है।

कांग्रेस नेता अंकुर गुलाटी ने हरियाणा चुनाव आयोग को भेजी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि एसडीएम कटारिया का परिवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि उनकी माता बंतो कटारिया वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में अंबाला संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रह चुकी हैं और वर्तमान में हरियाणा भाजपा की राज्य उपाध्यक्ष हैं। वहीं, उनके पिता स्वर्गीय रतन लाल कटारिया अंबाला से पूर्व सांसद और केंद्र सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं।

श्री गुलाटी का कहना है कि ऐसे राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से संबंध होने के कारण पक्षपात और हितों के टकराव की आशंका बनती है, जो चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में यह जरूरी है कि न केवल न्याय किया जाए, बल्कि वह होता हुआ भी दिखाई दे।

मामले का संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने पंचकूला के उपायुक्त (डीसी) को निर्देश दिए हैं कि शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित