पंचकूला , मार्च 11 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को पंचकूला के सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने पीएमओ डॉ. चौहान को साथ लेकर विभिन्न विभागों का दौरा शुरू किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सबसे पहले इमरजेंसी और लेबर रूम क्षेत्र में पहुंचीं।
लेबर रूम एरिया में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके आने के बाद ही वहां सफाई शुरू की जा रही है। इस पर मंत्री नाराज हो गईं और ताली बजाते हुए कहा वाह मेरे आने के बाद सफाई शुरू हो रही है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुश्री राव ने कुछ स्टाफ और अन्य लोगों को बिना मास्क तथा जूतों पर कवर (शू कवर) पहने घूमते हुए देखा, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत सभी कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को मास्क पहनने और शू कवर लगाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता की जांच के लिए अपने स्टाफ की ड्यूटी लगाई। उन्होंने स्टाफ के सदस्यों को अलग-अलग दवा काउंटरों पर जाकर दवाओं की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुश्री राव ने प्रशिक्षण के लिए आई नर्सिंग छात्राओं और मरीजों से भी बातचीत की।
उन्होंने मरीजों से जानकारी लेते हुए पूछा कि अस्पताल में इलाज और सुविधाओं को लेकर उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं आ रही। साथ ही अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित