पंचकूला , जुलाई 28 -- पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिले में अवैध खनन पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून अवधि के दौरान एक जुलाई से 15 सितंबर तक खनन गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी और इस दौरान अवैध खनन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को जब्त किया जाए।

उपायुक्त मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में अवैध खनन की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिले में अवैध खनन रोकने के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।

उन्होंने खनन विभाग को पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और संभावित अवैध खनन स्थलों पर नाकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही इन नाकों पर चौबीसों घंटे रोटेशन के आधार पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने और उनकी नियमित निगरानी करने को कहा।

उपायुक्त ने विशेष रूप से कालका उपमंडल के बुर्जकोटिया, जबरोट, दीवानवाला, बसौला, पपलोहा, नानकपुर, चरणीया, महताब माजरा, कीर्तपुर, कर्मपुर, नवानगर और रामपुर जंगी तथा पंचकूला उपमंडल के रत्तेवाली, खेतपराली, रामपुर, काजमपुर, हरिपुर, खेड़ी बड़ौना, हंगोली, बतौड़, मौली, टोडा, नटवाल और रिहोड़ क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखकर अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित